मुंबई में गणेशोत्सव की रौनक शुरू हो चुकी है। गणेश चतुर्थी से एक दिन पहले रविवार को बॉलीवुड और टीवी के कई सितारे अपने-अपने घर गणपति बप्पा को लेकर आए। इनमें सबसे ज्यादा ध्यान सुनीता आहूजा ने खींचा। सुनीता अकेली गणपति बप्पा को घर लेकर पहुंचीं और ढोल की थाप पर जमकर डांस करते हुए बप्पा का स्वागत किया।
सुनीता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खास बात यह रही कि इस दौरान उनके साथ पति गोविंदा और बच्चे नजर नहीं आए। सुनीता ने नंगे पैर बप्पा का स्वागत किया और ढोल की धुन पर जमकर थिरकती नजर आईं। इसके बाद से ही फैंस सोशल मीडिया पर गोविंदा की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल कर रहे हैं।
पिछले साल गोविंदा के साथ जमकर नाची थीं सुनीता
पिछले साल भी गणपति उत्सव के दौरान सुनीता आहूजा और गोविंदा साथ नजर आए थे। उस समय दोनों के रिश्ते में अनबन और तलाक की खबरें खूब चर्चा में थीं। हालांकि, गणपति विसर्जन के दौरान दोनों ने साथ में जमकर डांस किया था।
दोनों को साथ देखकर उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग गया था। ऐसे में इस बार सुनीता का अकेले गणपति बप्पा को घर लाना चर्चा में है।
तलाक की अर्जी वापस ले चुकी हैं सुनीता
दिसंबर 2025 में खबर आई थी कि सुनीता ने बांद्रा फैमिली कोर्ट में गोविंदा से तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने यह अर्जी वापस ले ली थी। इसके बाद भी दोनों के रिश्ते को लेकर समय-समय पर खबरें सामने आती रही हैं।
इस बार गणपति बप्पा के स्वागत के दौरान गोविंदा की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है।
राधिका मर्चेंट और अनंत अंबानी भी पहुंचे बप्पा के दर्शन करने
गणेशोत्सव के मौके पर अंबानी परिवार ने भी पूरे उत्साह के साथ बप्पा का स्वागत किया। राधिका मर्चेंट अपने भांजे को गोद में लिए हुए नजर आईं। उनके साथ अनंत अंबानी भी मौजूद थे।
अंबानी परिवार में हर साल गणपति उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है और इस बार भी परिवार के सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
शिल्पा शेट्टी ने की बप्पा की आरती
एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी भी गणपति बप्पा की भक्ति में डूबी नजर आईं। उन्होंने घर पर बप्पा की आरती की। वहीं हंसिका मोटवानी और धनश्री वर्मा समेत कई सेलेब्स ने भी अपने घरों में गणपति बप्पा की स्थापना की।
डेजी शाह, दीपशिखा नागपाल और अर्जुन बिजलानी भी गणेशोत्सव के रंग में नजर आए।
अंकिता लोखंडे ने बारिश के बीच किया बप्पा का स्वागत
अंकिता लोखंडे भी गणपति उत्सव के लिए पहुंचीं। भारी बारिश के बीच वह छाते के नीचे कार से बाहर निकलती नजर आईं। उन्होंने गणपति की मूर्ति को चुनरी पहनाकर बप्पा का स्वागत किया।
अमिताभ बच्चन भी खास अंदाज में आए नजर
हर रविवार की तरह अमिताभ बच्चन इस बार भी जलसा के बाहर फैंस से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ 'गणपति बप्पा मोरेया' लिखा हुआ पटका पहना था।
गणेशोत्सव के मौके पर बॉलीवुड के कई सितारों के घरों में बप्पा विराजे हैं। आने वाले दिनों में भी सेलेब्स के गणपति सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिलेंगे।
देखिए सुनीता आहूजा से लेकर राधिका मर्चेंट, शिल्पा शेट्टी और अंकिता लोखंडे तक—बाकी सितारों ने कैसे किया गणपति बप्पा का स्वागत...